चर्च परिसर रंग-बिरंगी लाइट्स, क्रिसमस ट्री और यीशु मसीह की झांकियों से सजे - indianmedianews

indianmedianews.com

RECENT NEWS

चर्च परिसर रंग-बिरंगी लाइट्स, क्रिसमस ट्री और यीशु मसीह की झांकियों से सजे


जयपुर। जयपुर में क्रिसमस का त्यौहार श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। शहर के अलग-अलग चर्चों में सुबह से ही प्रार्थनाओं, कैरोल गायन और सामूहिक समारोहों का आयोजन किया गया। चर्च परिसरों को रंग-बिरंगी लाइट्स, सितारों, क्रिसमस ट्री और यीशु मसीह के जन्म की झांकियों से सजाया गया। इससे माहौल पूरी तरह उत्सवी हो गया। सेंट जेवियर्स चर्च, ऑल सेंट्स चर्च समेत कई चर्चों में आधी रात और सुबह विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इन सभाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और यीशु मसीह के जन्म का संदेश साझा किया गया।
चर्च में बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक क्रिसमस कैरोल्स ने वातावरण को भावनात्मक और आनंदमय बना दिया। ‘जॉय टू द वर्ल्ड’, ‘साइलेंट नाइट’ जैसे गीतों के साथ प्रभु यीशु के जीवन और उनके संदेशों का स्मरण किया गया। कैरोल गायन में पूरा परिसर उल्लास से भर गया। क्रिसमस सेलिब्रेशन पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। प्रार्थना के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दी गईं, केक काटे गए और बच्चों को विशेष उपहार व मिठाइयां वितरित की गईं। कई चर्चों में बच्चों द्वारा छोटे नाट्य मंचन और झांकियों के जरिए प्रभु यीशु के जन्म की कथा प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। चर्चों के बाहर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त बल तैनात रहा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के त्योहार का आनंद ले सकें।
सेंट एंड्रयूस चर्च के मीडिया इंचार्ज ने बताया कि यह खुशनुमा समय है। हम पूरे शहर को इसकी शुभकामनाएं दे रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी क्रिसमस को हर्ष और उल्लास के तरीके से मना रहे हैं। यह नई रोशनी को लेकर आने वाला त्योहार है। यहां से नई जिंदगी की शुरुआत की जा सकती है। सेंट एंड्रयूस चर्च के सेक्रेटरी ने कहा कि इस पूरे वीक में काफी इवेंट हो रहे हैं। यहां स्पोर्ट्स इवेंट भी रखे गए हैं। आगे के दिनों में डिनर भी प्लान किया गया है। क्रिसमस पर पूरा माहौल उल्लास के साथ सेलिब्रेशन कर रहे हैं। बच्चे और युवाओं को उपहार भी मिल रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक घाटगेट स्थित सेक्रेड हार्ट चर्च राजस्थान के सबसे पुराने चर्चों में से एक है, जिसका निर्माण 19वीं सदी के आखिर में हुआ था। यहां न केवल क्रिसमस, बल्कि ईस्टर जैसे पर्व भी पारंपरिक और भव्य रूप से मनाए जाते हैं। इसी तरह सेंट जेवियर्स चर्च और सेंट जेवियर्स चर्च अशोक नगर में भी पारंपरिक प्रार्थनाओं के साथ कलात्मक सजावट देखने को मिली। कहीं स्कॉटिश शैली की वास्तुकला झलकती नजर आई, तो कहीं भारतीय और ब्रिटिश वास्तु कला का संगम दिखा।

bigsoftcompany

RECENT POSTS

CATEGORIES

Copyright indianmedianews.com