जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता ने 8 महीने की मासूम की हत्या की - indianmedianews

indianmedianews.com

RECENT NEWS

जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता ने 8 महीने की मासूम की हत्या की


जयपुर: राजधानी के मालपुरा गेट थाना इलाके में एक हैवान पिता ने अपनी मात्र 8 महीने की मासूम बेटी की कैंची से गला काटकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी ने शव को कंबल में छुपाकर खुद भी आत्महत्या करने का प्रयास किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जयपुर (पूर्व) डीसीपी संजीव नैन ने बताया कि लालापुरवा (उत्तर प्रदेश) निवासी शादाब मोहम्मद पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप है. ये घटना 6 फरवरी की है, लेकिन पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया है. पुलिस अब उससे पूछताछ और मामले की जांच जारी है. बच्ची की मां ने मालपुरा गेट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है.

ससुराल लौटने की बात पर शुरू हुआ विवाद: डीसीपी संजीव नैन ने बताया कि पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी कि उसके पिता उसे और उसकी 8 महीने की बेटी शहनाज को लालपुरवा से सांगानेर लेकर आए थे. दो दिन बाद आरोपी शादाब भी पुणे से आ गया और उनके साथ रहने लगा. 6 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे आरोपी ने पत्नी से ससुराल चलने को कहा. पत्नी ने तीन-चार दिन बाद चलने की बात कही तो कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया.

इसे भी पढ़ें- तिजारा में पिता की हैवानियत: दो साल के बेटे की हत्या कर खुद पर किया हमला

पत्नी से मारपीट, साले पर भी हमला: इसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया. इस दौरान पीड़िता का छोटा भाई सोहिल बीच-बचाव करने आया तो शादाब ने केतली से उसके सिर पर हमला कर दिया. आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और समझाइश की. लोगों के जाने के बाद शादाब मासूम बच्ची को कमरे में ले गया और कमरा बंद कर लिया.

कमरे में ले जाकर काटा बच्ची का गला: डीसीपी ने बताया कि कमरे में जाकर आरोपी ने कैंची से बच्ची का गला काटकर हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या करने का प्रयास किया. परिजनों और पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर आरोपी को संभाला, लेकिन जब कंबल हटाकर देखा तो बच्ची लहूलुहान पड़ी थी. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती करवाया. जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी शादाब मोहम्मद को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

bigsoftcompany

RECENT POSTS

CATEGORIES

Copyright indianmedianews.com